मम अंतर्नाद

मम अंतर्नाद
मेरा एकल ग़ज़ल संग्रह

शुक्रवार, 3 अप्रैल 2020

मेरे राम

https://youtu.be/YgaqaRg9GKo
https://youtu.be/YgaqaRg9GKo


========================================

========================================
========================================
मेरे अपने राम



स्वांस की पुकार राम, धड़कनों में राम हैं
हर विकार मार दे जो, वो प्रभाव राम हैं।

राम सूर्य सूर्य का हैं, चन्द्रमा का चंद्र हैं
राम काव्य की कला है, राम एक छंद हैं
राम रस है, राम ही अलंकरण अनूप है
राम छांव हैं कभी तो शीत वाली धूप हैं

भाव की प्रवणता राम , और स्वभाव राम हैं
हर विकार मार दे जो, वो प्रभाव राम हैं।

संस्कारों का प्रमाण, संस्कृति का मूल हैं
तार दे जो हर जनम को , वो चरण की धूल है
राम भक्ति राम शक्ति, राम ही पुनीत है
राम तथ्य राम कथ्य, राम ही गुनीत है

सत्य मार्ग का चुनाव, वो चुनाव राम हैं
हर विकार मार दे जो, वो प्रभाव राम हैं।

तारते अहिल्या और मारते है ताड़का
है विराट रूप उनका, जैसे रूप ताड़ का
एक पग में धरती नपती एक पग पाताल है
एक पग नपे आकाश, वो बड़े विशाल है

भाई का जो भाई से हो, वो जुड़ाव राम है
हर विकार मार दे जो, वो प्रभाव राम हैं।

लोक के वो नायक है , चेतना का तत्व हैं
तीन तरह के गुणों में राम ही सत्त्व हैं
पंच तत्व से दिलाए मुक्ति का वो प्राय है
वो स्वयं में एक मात्र मोक्ष का उपाय हैं

जो गुरुत्व से भी तेज वो खिंचाव राम हैं
हर विकार मार दे जो, वो प्रभाव राम हैं।

हैं अनन्त दिगदिगन्त, वो हरी के रूप हैं
वन में घूमते हैं किंतु राम जग के भूप हैं
हर हृदय में जो बसे वो धड़कनों की ताल है
राम भारतीयता का उच्च शीर्ष भाल है

मुक्ति मार्ग जो दिलाये राम वो चढ़ाव हैं
हर विकार मार दे जो, वो प्रभाव राम हैं।

मोह से विरक्ति दे के वो स्वयं से जोड़ ले
भाग जिसको खोलने हो राम मन से बोल ले
गा रहे हो राम तुलसी तो सुधीर राम है
और कबीर भक्त हो तो फिर फकीर राम है

बिन शरीर के जो हर शरीर का बचाव है
हर विकार मार दे जो, वो प्रभाव राम हैं।

राम है कठिन बहुत, अगर तू एक विकार है
और उतने ही सरल हैं ,गर हृदय में प्यार है
राम शक्ति शक्ति के हैं, शक्ति के स्वरूप है
राम की जो भक्ति शिव से भक्ति वो अनूप है

शेष से विशेष करे वो चढ़ाव राम है
हर विकार मार दे जो, वो प्रभाव राम हैं।





स्वधा रवींद्र "उत्कर्षिता"

========================================
========================================





कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आपकी अनमोल प्रतिक्रियाएं